अंबिकापुर। शहर में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए, जब प्रतापपुर नाका स्थित कुशवाहा चौक पर दिनदहाड़े एक इंजीनियर से लूटपाट की घटना सामने आई। यह पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डेयरी फार्म रोड निवासी अमर कुशवाहा (29) ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि 14 जून 2026 को वह अपने इंजीनियर लक्ष्मी नारायण के साथ अपने मामा रामनाथ कुशवाहा के नाम पर केदारपुर स्थित प्लॉट पर लेआउट कार्य के लिए पहुंचे थे।
दोपहर करीब 1:10 बजे लेआउट का काम पूरा होने के बाद दोनों जैसे ही बाहर निकल रहे थे, तभी वहां सूर्या कुशवाहा, भगवान कुशवाहा और लोकेश्वर कुशवाहा पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने निर्माण कार्य का विरोध करते हुए गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
इसी दौरान विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने इंजीनियर का लैपटॉप कार से छीन लिया, जबकि एक अन्य आरोपी ने लेवल मशीन लेकर फरार हो गया। शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग निकले।
पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश की जा रही है तथा जल्द ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
