रायपुर। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) छत्तीसगढ़ ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद द्वारा व्यापार, उद्योग एवं निवेश को प्रोत्साहन देने के लिए लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री एवं मंत्रिपरिषद का आभार व्यक्त किया है।
कैट के राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन अमर पारवानी तथा प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन ने कहा कि राज्य सरकार के इन निर्णयों से व्यापारिक प्रक्रियाएं अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी होंगी। व्यावसायिक कर अधिकरण को समाप्त करने, जीएसटी कानून में व्यापार-अनुकूल संशोधन, उद्योगों की स्वीकृति प्रक्रिया को डिजिटल एवं समयबद्ध बनाने, सेल्फ सर्टिफिकेशन, डीम्ड परमिशन और रिस्क बेस्ड इंस्पेक्शन जैसी व्यवस्थाओं से व्यापारियों और उद्योगों को बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इन सुधारों से प्रदेश में निवेश को बढ़ावा मिलेगा, नए सूक्ष्म, लघु, मध्यम एवं बड़े उद्योग स्थापित होंगे, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
कैट छत्तीसगढ़ ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार भविष्य में भी व्यापार, उद्योग एवं निवेश को प्रोत्साहित करने वाले ऐसे ही जनहितैषी और व्यापार हितैषी निर्णय लेकर प्रदेश को देश के अग्रणी औद्योगिक एवं व्यापारिक राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने की दिशा में निरंतर कार्य करती रहेगी।
