रायपुर। मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में तीन नकाबपोश बदमाशों ने Meesho कंपनी के डिलीवरी कर्मचारी को रास्ते में रोककर लूटपाट की। आरोपितों ने चाकू दिखाकर युवक को धमकाया और उसके डिलीवरी बैग में रखे पर्स से चार हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन लूट लिया। वारदात के बाद तीनों बदमाश बाइक से फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ लूट समेत अन्य धाराओं में अपराध दर्ज किया है।
गनौद-धमनी के बीच रोका
घटना एक सितंबर को दोपहर करीब दो बजे ग्राम गनौद और धमनी के बीच सड़क पर हुई। ग्राम बोडरा, थाना आरंग निवासी खिलावन लोधी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। वह किराना दुकान चलाते हैं। उनका 22 वर्षीय बेटा हितेश लोधी Meesho कंपनी में डिलीवरी का काम करता है।
हितेश बाइक से डिलीवरी का सामान बड़े पिठ्ठु बैग में लेकर ग्राम गनौद गया था। वहां से वापस लौटते समय रास्ते में बाइक सवार तीन युवक उसके सामने आ गए। तीनों ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। उन्होंने हाथ दिखाकर हितेश को सड़क पर रोक लिया।
चाकू दिखाकर छीना सामान
दो बदमाश बाइक से उतरे और हितेश के डिलीवरी बैग को खींचने लगे। इसी दौरान एक आरोपित ने चाकू दिखाकर उसे डराया। बदमाशों ने गाली-गलौज करते हुए बैग में रखे पर्स को निकाल लिया। इसके बाद पर्स में रखे चार हजार रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया।
एफआइआर के मुताबिक मोबाइल की कीमत 21,499 रुपये है। इस तरह बदमाश कुल 25,499 रुपये की संपत्ति लेकर भाग गए। पुलिस अब अज्ञात आरोपितों की तलाश में जुटी है।
