जमुई। बिहार के जमुई में 10वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा के साथ बदसलूकी और उसके दोस्त के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी नंदन यादव को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, नंदन यादव मड़वा पहाड़ी के आसपास छिपा हुआ था, जहां 19 सितंबर की शाम दोनों छात्र घूमने गए थे।
पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की, जिसके बाद मुठभेड़ हुई। पुलिस की गोली उसके बाएं पैर में लगी। घायल आरोपी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का दावा है कि वायरल वीडियो में लाल गमछा पहने दिखाई दे रहा युवक नंदन यादव ही है।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें तीन नाबालिग भी शामिल हैं।
वीडियो वायरल करने के आरोप में एक और गिरफ्तारी
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में पुलिस ने रामाशीष चौधरी नाम के एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के बाद यह कार्रवाई की।
19 सितंबर को हुई थी घटना
पुलिस के अनुसार, घटना 19 सितंबर की शाम करीब सात बजे की है। दोनों पीड़ित छात्र 10वीं कक्षा में पढ़ते हैं। ट्यूशन के बाद दोनों मड़वा पहाड़ी घूमने गए थे। लौटते समय कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि इसके बाद छात्रा के साथ बदसलूकी की गई और उसके दोस्त के साथ गाली-गलौज व मारपीट की गई।
घटना का वीडियो भी बनाया गया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। वीडियो में एक युवक छात्रा को पीछे से पकड़ते और उसके साथ जबरदस्ती करते हुए दिखाई देता है। छात्र ने अपनी दोस्त को छुड़ाने का प्रयास किया, जिसके बाद दोनों के बीच खींचतान हुई। छात्र किसी तरह छात्रा को वहां से निकालने में सफल रहा। पुलिस मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
