रायपुर का इन्फ्लुएंसर और सट्टा सिंडिकेट का मास्टरमाइंड बाबू खेमानी को रायपुर पुलिस ने मुंबई से गिरफ्तार किया। खेमानी को फ्लाइट से रायपुर लाया गया है। दोपहर 2 बजे पुलिस पूरे मामले का खुलासा करेगी।
बाबू खेमानी महादेव सिंडिकेट की तर्ज पर ‘3 STUMPS’ ऑनलाइन वेबसाइट बनाकर आईपीएल मैच में सट्टा खिलवा रहा है। 13 अप्रैल को उसके खिलाफ गंज थाने में FIR दर्ज की गई थी। जिसके बाद से फरार चल रहा था।
रायपुर में अपने रिश्तेदारों और परिचितों की मदद से पुणे, मुंबई और गोवा में बैठकर पैनल चलवा रहा था। रायपुर पुलिस ने पिछले दिनों बड़े सिंडिकेट का खुलासा कर पैनल चलाने वाले 20 से अधिक आरोपियों को पकड़ा था।
रिश्तेदारों और दोस्तों को सिंडिकेट से जोड़ा
बताया जा रहा है कि, इस पूरे नेटवर्क का संचालन देश के अलग-अलग शहरों से किया जा रहा था, जबकि बाबू खेमानी खुद रायपुर से कहीं बाहर बैठकर पूरे सिंडिकेट को कंट्रोल कर रहा था।
रायपुर, मुंबई, पुणे और गोवा जैसे शहरों में उसके रिश्तेदारों और करीबियों की मदद से पैनल ऑपरेट किए जा रहे थे। जांच में खुलासा हुआ है कि इस सट्टा सिंडिकेट में कई लोगों की अलग-अलग भूमिकाएं तय थीं।
ट्रांजैक्शन के लिए म्यूल खातों का इस्तेमाल
जानकारी के मुताबिक, यह पूरा नेटवर्क बेहद संगठित तरीके से काम कर रहा था। अलग-अलग शहरों में बैठे ऑपरेटर यूजर्स को जोड़ने, दांव लगवाने और लेन-देन संभालने का काम करते थे। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए सट्टा खिलाया जाता था।
जिससे ट्रांजैक्शन को ट्रैक करना भी मुश्किल हो जाता था। पैसों का ट्रांजैक्शन करने के लिए म्यूल खातों का इस्तेमाल खेमानी सिंडिकेट की तरफ से किया जाता था।
