रायपुर। राजधानी में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ऑटो चालकों का पंजीयन और सत्यापन अभियान चला रही है। अच्छी कड़ी में अब शहर में 150 से 200 ऑटो स्टैंड विकसित करने की तैयारी की जा रही है। प्रस्ताव के अनुसार 1 अगस्त से चरणबद्ध तरीके से ऑटो स्टैंड चिन्हित किए जाएंगे जहां एक स्टैंड पर अधिकतम 30 ऑटो खड़े किए जा सकेंगे।
यातायात पुलिस द्वारा ऑटो रिक्शा में क्यूआर कोड लगाने का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। अब तक 7500 ऑटो में क्यूआर कोड लगाया जा चुका है। जबकि 15 जुलाई तक 15000 ऑटो में क्यूआर कोड लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
अपराध नियंत्रण में मिलेगी मदद
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रत्येक ऑटो का क्यूआर कोड चालक और वाहन की पूरी जानकारी से जुड़ा होगा। इससे किसी भी अपराधिक घटना, दुर्घटना या शिकायत की स्थिति में संबंधित ऑटो और चालक की पहचान तुरंत की जा सकेगी।
सत्यापित चालकों को ही मिलेगा आईडी कार्ड
पुलिस विभाग 1 अगस्त से केवल सत्यापित ऑटो चालकों को ही पहचान पत्र जारी करेगा। इसका मुख्य उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित और प्रमाणित ऑटो सेवा उपलब्ध कराना है। जागरूकता अभियानों के माध्यम से आम लोगों को भी केवल सत्यापित ऑटो का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
