दंतेवाड़ा। जिले के दंतेवाड़ा जिला अंतर्गत कटेकल्याण थाना क्षेत्र में वर्ष 2001 के हत्या मामले में दोषी एक फरार आरोपी को पुलिस ने 21 साल बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सोढ़ी मासा (45 वर्ष) के रूप में हुई है, जो लंबे समय से नाम बदलकर तेलंगाना में रह रहा था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी वर्ष 2005 में जगदलपुर केंद्रीय जेल से 14 दिन की पैरोल पर अपने गांव आया था, लेकिन पैरोल अवधि समाप्त होने के बाद वह वापस जेल नहीं लौटा और फरार हो गया।
तेलंगाना में बदलकर रह रहा था नाम
फरारी के दौरान आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए नाम बदल लिया और कोत्तागुडेम के कासनपल्ली गांव में “लालाराम सोढ़ी” नाम से रहने लगा। वह वहां सामान्य जीवन जी रहा था ताकि पुलिस की नजर से बच सके।
बेटे की सूचना से खुला सुराग
पुलिस को हाल ही में सूचना मिली कि आरोपी का बेटा हड़मा उर्फ सुरेश सोढ़ी अपने गांव आया हुआ है। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को आरोपी के तेलंगाना में छिपे होने का सुराग मिला। इसके बाद दंतेवाड़ा पुलिस ने एसडीओपी कटेकल्याण के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित कर तेलंगाना भेजी।
गिरफ्तारी और जेल भेजा गया
टीम ने कोत्तागुडेम क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे दंतेवाड़ा लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे फिर से जगदलपुर केंद्रीय जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि यह गिरफ्तारी लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी की महत्वपूर्ण सफलता है, जिससे पुराने हत्या मामले में न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
