बिलासपुर। रेल मंत्रालय की अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल अंतर्गत चांपा जंक्शन रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण कार्य पूरा हो गया है। लगभग 13 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन को आधुनिक यात्री सुविधाओं से सुसज्जित करते हुए नया स्वरूप दिया गया है।
हावड़ा–मुंबई मुख्य रेलमार्ग के महत्वपूर्ण जंक्शन चांपा स्टेशन पर सर्कुलेटिंग एरिया का विस्तार, आकर्षक प्रवेश एवं निकास द्वार, सुव्यवस्थित पार्किंग, आधुनिक बुकिंग काउंटर, द्वितीय एवं उच्च श्रेणी प्रतीक्षालय, वीआईपी कक्ष, नए प्लेटफॉर्म शेल्टर, महिलाओं, पुरुषों एवं दिव्यांगजनों के लिए आधुनिक शौचालय, लिफ्ट, टैक्टाइल टाइल्स, अत्याधुनिक ट्रेन व कोच डिस्प्ले बोर्ड, सीसीटीवी कैमरे, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और स्टेनलेस स्टील बैठने की व्यवस्था सहित कई यात्री सुविधाएं विकसित की गई हैं।
रेलवे के अनुसार स्टेशन के पुनर्विकास से यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा। साथ ही क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। रेलवे ने इसे अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत यात्री-केंद्रित और आधुनिक रेलवे अवसंरचना की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।
