मुंगेली। जिले के ग्राम सरईपतेरा में पंचायत द्वारा कराए गए मुक्तिधाम और पचरी निर्माण कार्यों में कथित अनियमितता और घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल का मामला सामने आया है। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। मामले को लेकर ग्रामीण राजू कश्यप ने जिला प्रशासन से लिखित शिकायत कर जांच और कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ग्राम पंचायत द्वारा कराए गए पचरी निर्माण कार्य में निर्माण मानकों का पालन नहीं किया गया। ग्रामीण के मुताबिक पचरी में छड़ की दूरी करीब एक फीट रखी गई है, जबकि कॉलम में निर्धारित छह नग छड़ के स्थान पर पांच नग छड़ लगाए जाने का आरोप है। इसी तरह मुक्तिधाम निर्माण में भी छड़, रेत और गिट्टी जैसी निर्माण सामग्री का पर्याप्त मात्रा में उपयोग नहीं किए जाने की शिकायत की गई है।
ग्रामीण का आरोप है कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर पहले भी संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। मामले की शिकायत सीएम हेल्पलाइन 1076 पर भी दर्ज कराई गई है। शिकायत की आईडी CC 260700109065 बताई गई है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, शिकायत के बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण भी किया, लेकिन इसके बाद कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई। इससे ग्रामीणों में विभागीय कार्यप्रणाली को लेकर असंतोष है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पूरे निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही निर्माण में उपयोग की गई रेत, गिट्टी, छड़ एवं अन्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच लैब के माध्यम से कराने तथा यदि जांच में अनियमितता प्रमाणित होती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने की मांग की गई है।
अब देखना होगा कि शिकायत के बाद जिला प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच किस स्तर पर कराई जाती है।
