रायपुर। दुनियाभर में तेजी से फैल रहे इबोला संक्रमण को लेकर छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। संक्रमण की संभावित रोकथाम और आपात स्थिति से निपटने के लिए संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं, छत्तीसगढ़ द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम (आईडीएसपी) के तहत जारी आदेश में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ), रायपुर को रायपुर एयरपोर्ट परिसर में एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं। यह अधिकारी एयरपोर्ट पर आने वाले यात्रियों की स्वास्थ्य जांच और स्क्रीनिंग व्यवस्था की निगरानी करेगा।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि विदेशों से आने वाले यात्रियों पर विशेष नजर रखी जाए। यदि किसी यात्री में इबोला संक्रमण से जुड़े लक्षण दिखाई देते हैं, तो उसकी तुरंत पहचान कर संबंधित स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी जाए। साथ ही संदिग्ध मरीजों के लिए आइसोलेशन, रेफरल और आपातकालीन चिकित्सा प्रबंधन की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित रखने को कहा गया है।
विभाग ने सभी स्वास्थ्य संस्थानों को भी अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी संभावित स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
दरअसल, अफ्रीकी देशों कांगो और युगांडा में इबोला संक्रमण के मामलों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इसे देखते हुए विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने पहले ही इबोला को अंतरराष्ट्रीय चिंता का सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया है। इसी के मद्देनजर भारत समेत कई देशों में निगरानी और एहतियात बढ़ा दिए गए हैं।
छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि फिलहाल प्रदेश में इबोला का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन एहतियात के तौर पर सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि संक्रमण के खतरे को समय रहते रोका जा सके।
