रायपुर। नगर निगम के जोन क्रमांक-4 में महापौर की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में विकास कार्यों और क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के बीच तीखी चर्चा हुई। बैठक में नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए समन्वय की कमी और जलभराव जैसी समस्याओं के समाधान में लापरवाही का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
बैठक में आकाश तिवारी ने कहा कि जोन अध्यक्ष, जोन कमिश्नर और अधिकारियों के बीच अपेक्षित तालमेल नहीं दिख रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्षदों द्वारा लगातार उठाई जा रही समस्याओं और मांगों को अधिकारी गंभीरता से नहीं ले रहे हैं, जिससे आम जनता परेशान हो रही है।
नेता प्रतिपक्ष ने अपने वार्ड में जलभराव की समस्या का मुद्दा उठाते हुए अधिकारियों से मौजूदा स्थिति और किए गए कार्यों की जानकारी मांगी। इस दौरान अधिकारियों के जवाब से असंतुष्ट तिवारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को बैठकों में कागजी जानकारी देने के बजाय स्वयं मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करना चाहिए, ताकि समस्याओं का सही आकलन कर उनका समाधान किया जा सके।
तिवारी ने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर जनता की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश देने की बात कही। बैठक के दौरान उनके तीखे तेवर से माहौल भी गरमा गया। उन्होंने दो टूक कहा कि वार्डों की जमीनी समस्याओं की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी और अधिकारियों को जनता के प्रति जवाबदेही के साथ काम करना होगा।
