रायपुर। राजधानी के टैगोर नगर स्थित न्यू डेल्ही स्वीट्स से कलाकंद के अंदर मच्छर निकलने का मामला सामने आया है। इसकी शिकायत के बाद खाद्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कलाकंद के सैंपल लिए और जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा है। खाद्य विभाग की टीम को फर्म के परिसर में कई तरह की कमियां मिली, जिसे दूर करने इन्प्रूव्हमेंट नोटिस भी जारी किया गया। राजधानी के ब्राम्हणपारा आजाद चौक निवासी धीरजधर दीवान ने एक वीडियो सोशल मीडिया में जारी कर न्यू डेल्ही स्वीट्स के कलाकंद में मच्छर निकलने का दावा किया और आरोप लगाया कि यह उनके साथ दूसरी बार हुआ है। उपभोक्ता ने बातचीत में बताया न्यू डेल्ही स्वीट्स से लिए गए कलाकंद में खाने के दौरान देखा गया कि उसके अंदर मरा मच्छर है। वे मिठाई बॉक्स लेकर दुकान पहुंचे और उस दौरान वीडियो बनाया।
वीडियो में उनके कलाकंद में मच्छर दिखाने पर होटल में मौजूद
मैनेजर से वे कहते दिखाई दे रहे हैं कि आपकी दुकान के मिठाई में पहले भी मच्छर निकला था तो आपने कहा कि लाइट गुल होने से पैकिंग के दौरान गिर गया होगा तो मैंने माफ कर दिया था। अब फिर से दोबारा इस तरह मिठाई के अंदर मच्छर निकला है। उपभोक्ता का कहना है कि इसे लेकर दोषी दुकान पर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने इसकी शिकायत खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के टोलफ्री नंबर पर की, जिसके बाद विभाग की टीम जांच के लिए पहुंची। मालूम हो कि खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के नियंत्रक दीपक अग्रवाल के नेतृत्व में गत 17 अगस्त से 23 अगस्त के बीच ‘बने खाबो, बने रहिबो’ अभियान चलाया जा रहा है।
राजधानी में दर्जनभर स्थानों में कार्रवाई, घी- गुलाब जामुन के नमूने लिए
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के ‘बने खाबो, बने रहिबो’ 2.0 अभियान के तहत शुक्रवार को राजधानी में दर्जनों स्थानों पर छापामार कार्रवाई की गई। इस अभियान के तहत शुक्रवार को राजधानी के मेसर्स डीमार्ट कमल विहार से अमूल प्योर घी व वचन काउ घी, मेसर्स अमर ज्योति इंटरप्राइजेस (अपना मार्ट) बीरगांव से डाबर हनी एवं यूनिबिक वॉटर, मेसर्स बालाजी ट्रेडिंग होलसेल मार्केट डूमरतराई से देवभोग घी, मेसर्स मयंक ट्रेडिंग कंपनी होलसेल मार्केट डूमरतराई से कीर्ति गोल्ड प्योर काउ घी, मेसर्स संतोष मार्केटिंग से श्रीमूल एगमार्क काउ घी, बीकानेरी रसगुल्ला एवं गुलाब जामुन के नमूने लिए गए।
इसी तरह मेसर्स अमर ज्योति इंटरप्राइजेस (अपना मार्ट) बीरगांव एवं मेसर्स न्यू डेल्ही स्वीट्स टैगोर नगर की फर्म परिसर में पाई गई कमियों को दूर करने के लिए इन्प्रूव्हमेंट नोटिस जारी किया है। अधिकारियों ने बताया कि मेसर्स न्यू डेल्ही स्वीट्स टैगोर नगर से कलाकंद एवं मेसर्स मां दुर्गा स्वीट्स भनपुरी से नारियल लड्डू का नमूना लेकर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया। शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा मेसर्स शुभम के मार्ट, गोबरा नवापारा से देशी काउ ए-2 बिलोना घी के भी नमूने लिए गए हैं।
