जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले को आज एक वर्ष पूरा हो गया है। 22 अप्रैल 2025 को हुए इस हमले की पहली बरसी पर पूरे देश में शोक और संवेदना का माहौल है। हमले में जान गंवाने वाले 26 लोगों, जिनमें 25 हिंदू शामिल थे, को याद करते हुए लोगों की आंखें नम हैं।
इस मौके पर केंद्र शासित प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। खुफिया एजेंसियों के अलर्ट के बाद संवेदनशील इलाकों, पर्यटक स्थलों और सीमावर्ती क्षेत्रों में चौकसी बढ़ा दी गई है। सुरक्षा बलों द्वारा जंगलों और राष्ट्रीय राजमार्गों के आसपास सर्च ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं, जबकि हर आने-जाने वाले वाहन पर भी नजर रखी जा रही है।
हमले की यादें अब भी ताजा
22 अप्रैल 2025 की दोपहर, पहलगाम के बैसरन इलाके में आतंकियों ने अंधाधुंध गोलीबारी कर दहशत फैला दी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने लोगों की पहचान पूछकर टारगेट किलिंग की। इस हमले ने कई परिवारों को उजाड़ दिया—किसी ने अपना जीवनसाथी खोया तो किसी ने अपने बच्चों को।
हमले के बाद भारत की कार्रवाई
हमले के बाद भारतीय सेना ने आतंकवाद के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया। 7 मई 2025 को सेना ने ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया, जिसके तहत पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया। इस कार्रवाई में बड़ी संख्या में आतंकियों के मारे जाने की खबर सामने आई थी।
घटनाक्रम की मुख्य टाइमलाइन
. 22 अप्रैल 2025: पहलगाम में आतंकी हमला, 26 लोगों की मौत
. 28 अप्रैल 2025: भारत ने पाकिस्तानी प्रोपेगेंडा चैनलों पर कार्रवाई, LoC पर तनाव बढ़ा
. 29 अप्रैल 2025: जांच में पाकिस्तानी कनेक्शन सामने आया
. 30 अप्रैल 2025: भारत ने पाकिस्तानी एयरलाइंस पर एयरस्पेस बैन लगाया
. 1 मई 2025: पाकिस्तान से आयात पर पूर्ण प्रतिबंध
. 3 मई 2025: अरब सागर में नौसेना की सैन्य ड्रिल
. 5–6 मई 2025: सिविल डिफेंस एडवाइजरी जारी, LoC पर लगातार फायरिंग
. 7 मई 2025: ऑपरेशन सिंदूर की शुरुआत
घाटी में कड़ी निगरानी
बरसी के मौके पर किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। LoC से सटे इलाकों, संवेदनशील स्थानों और पर्यटन स्थलों पर अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं।
देशभर में आज शहीदों को श्रद्धांजलि दी जा रही है। पहलगाम हमले की पहली बरसी ने न सिर्फ पीड़ित परिवारों के जख्मों को फिर ताजा कर दिया है, बल्कि पूरे देश को आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होने का संदेश भी दिया है।
