कोलकाता। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आईआईटी) खड़गपुर में शुक्रवार को एक और छात्र की आत्महत्या की खबर से संस्थान में सनसनी फैल गई। राजेंद्र प्रसाद हॉल हॉस्टल के एक कमरे में बीटेक अंतिम वर्ष के छात्र रितम मंडल (21 वर्ष) का शव फंदे से लटका हुआ मिला। मृतक कोलकाता का निवासी था और मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग में पढ़ाई कर रहा था।
छात्र के साथ रहने वाले दोस्तों ने बताया कि गुरुवार की रात रितम ने सामान्य ढंग से रात्रिभोज किया और फिर अपने कमरे में सोने चला गया। उसके व्यवहार में किसी भी तरह की असामान्यता नहीं देखी गई थी।
दरवाजा नहीं खोलने पर टूटा सन्नाटा
शुक्रवार सुबह जब रितम ने काफी देर तक दरवाजा नहीं खोला तो साथी छात्रों को संदेह हुआ। दोपहर करीब 12 बजे कैंपस आउटपोस्ट में तैनात पुलिसकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। कमरे के अंदर रितम का शव फंदे से लटकता हुआ मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी गई है।
पहले भी हो चुकी हैं आत्महत्याएं
इस घटना ने एक बार फिर आईआईटी खड़गपुर में छात्रों की मानसिक स्थिति और दबाव को लेकर चिंता बढ़ा दी है। वर्ष 2025 की शुरुआत से अब तक संस्थान में आत्महत्या के यह चौथी घटना है।
