दिल्ली में संसद मार्च के 46 दिन बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) शुक्रवार को फिर से सड़क पर उतरी। CJP समर्थकों ने कार्यकर्ता नीशू भारद्वाज के पिता संजय से मारपीट के विरोध में पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन तक मार्च निकाला। प्रदर्शन में CJP नेता सौरव दास और आशुतोष रांका भी शामिल हुए।
नीशू का आरोप है कि 23 जून को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान उनके पिता संजय के साथ मारपीट की गई। CJP का कहना है FIR दर्ज हुए करीब डेढ़ महीना हो चुका है, लेकिन आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
इस बीच स्वतंत्र का एक पॉडकास्ट वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह संजय पर हमला करने की बात कबूल करता नजर आया। हालांकि, उसने कहा कि उसने ऐसा सेल्फ डिफेंस में किया था। इस पर सौरव दास ने सवाल उठाया कि जब आरोपी खुद हमला करने की बात स्वीकार कर रहा है तो पुलिस कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है।
