नई दिल्ली। सरकार ने नियमों का पालन न करने पर कई प्रमुख फूड ब्रांड्स और रिटेल चेन के खिलाफ हाल के महीनों में करीब 150 नोटिस जारी किए हैं। भारत की खाद्य सुरक्षा नियामक संस्था FSSAI ने ये नोटिस भ्रामक विज्ञापनों, झूठे दावों और लेबल से जुड़े नियमों का पालन नहीं करने पर दिए हैं। जिन कंपनियों को नोटिस जारी किए गए हैं। उनमें नेस्ले इंडिया, पेप्सिको, कोका-कोला इंडिया जैसी बड़ी कंपनियां शामिल हैं।
इसके अलावा अमेजन और फ्लिपकार्ट समेत ई-कॉमर्स कंपनियों को भी नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं केएफसी, मैकडॉनल्ड्स, पिज्जा हट, डोमिनोज और कोस्टा कॉफी जैसे फूड सर्विस ब्रांड्स को भी नोटिस मिले हैं।
अमेजन-फ्लिपकार्ट को 12 नोटिस, डोमिनोज के पांच लाइसेंस सस्पेंड
FSSAI ने ई-कॉमर्स कंपनियों अमेजन और फ्लिपकार्ट को 12 नोटिस भेजे हैं। FSSAI ने कहा कि अमेजन के एक वेयरहाउस का लाइसेंस भी रद्द किया गया है। वहीं केएफसी, मैकडॉनल्ड्स, पिज्जा हट, डोमिनोज और कोस्टा कॉफी जैसे फूड सर्विस संस्थानों को 30 से ज्यादा नोटिस जारी किए हैं। डोमिनोज के पांच लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।
कंपनियों ने सुधार शुरू किए
FSSAI के मुताबिक, नोटिस मिलने के बाद कई कंपनियों ने अपनी गलतियां सुधारने के कदम उठाए हैं। खाद्य सुरक्षा, विज्ञापन और लेबलिंग के नियमों का पालन हो रहा है या नहीं, इसकी जांच लगातार जारी है। आने वाले समय में नियम तोड़ने वाली कंपनियों पर कार्रवाई और बढ़ सकती है।
