नई दिल्ली/जींद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को देश की पहली हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन हरियाणा के जींद से सोनीपत के बीच संचालित होगी। इसके साथ ही भारत हाइड्रोजन फ्यूल से चलने वाली ट्रेन शुरू करने वाला दुनिया का पांचवां देश बन गया है। इससे पहले जर्मनी, फ्रांस, स्वीडन और चीन में हाइड्रोजन ट्रेनें संचालित हो रही हैं।
10 कोच वाली यह हाइड्रोजन ट्रेन जींद-सोनीपत रेल मार्ग पर 14 स्टेशनों के बीच चलेगी। ट्रेन की अधिकतम रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। करीब 89 किलोमीटर की दूरी यह ट्रेन लगभग 2 घंटे में तय करेगी। यात्रियों के लिए इसका किराया 5 रुपये से 25 रुपये के बीच रखा गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस अवसर पर जींद में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने एलिवेटेड रेलवे ट्रैक, दो मेडिकल कॉलेजों सहित कुल 8 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।
हाइड्रोजन ट्रेन को पर्यावरण के अनुकूल परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे रेलवे क्षेत्र में स्वच्छ ऊर्जा के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
