राजनांदगांव/खैरागढ़। राजनांदगांव शहर की सनसिटी कॉलोनी में आवारा कुत्तों के हमले का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां कॉलोनी में खेल रहे एक 5 वर्षीय मासूम बच्चे पर चार आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का पूरा दृश्य सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बच्चा कॉलोनी में खेल रहा था, तभी अचानक चार आवारा कुत्तों ने उसे घेर लिया। मासूम अपनी जान बचाने के लिए भागने लगा, लेकिन कुत्तों का झुंड उसके पीछे पड़ गया और उसे जमीन पर गिराकर नोचने लगा। कुछ सेकंड तक चले इस हमले में बच्चे के पैरों, जांघों और पीठ पर गहरे घाव हो गए।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद एक युवक ने साहस दिखाते हुए बीच-बचाव किया और बच्चे को कुत्तों के चंगुल से छुड़ाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक की तत्परता नहीं होती तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था। घायल बच्चे का अस्पताल में उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, शारीरिक चोटों के साथ-साथ बच्चा मानसिक रूप से भी सदमे में है।
Read Also- शिवनाथ नदी में मगरमच्छ दिखने से दहशत, वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी
घटना के बाद सनसिटी कॉलोनी में दहशत का माहौल है। अभिभावक अपने बच्चों को अकेले बाहर भेजने से डर रहे हैं। रहवासियों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से आवारा कुत्तों की समस्या बनी हुई है, लेकिन नगर निगम और संबंधित एजेंसियों द्वारा कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। लोगों का कहना है कि शहर के कई इलाकों में कुत्तों के झुंड खुलेआम घूमते हैं और राहगीरों का पीछा करते हैं, जिससे हमेशा किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम और जिला प्रशासन से विशेष अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकड़ने, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने तथा ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है। उनका कहना है कि अब केवल आश्वासनों से काम नहीं चलेगा, बल्कि जमीनी स्तर पर ठोस कार्रवाई की आवश्यकता है।
गौरतलब है कि जिले में डॉग बाइट की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। हाल ही में डोंगरगढ़ क्षेत्र में भी एक कथित उग्र कुत्ते के हमले में दो नाबालिग बच्चे घायल हुए थे। लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाओं ने आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या और जनसुरक्षा को लेकर प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
