NEET re-exam 2026: नीट (NEET) री-एग्जाम 2026 से पहले केंद्र सरकार ने परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक कड़ा फैसला लिया है। सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2020 की धारा 69A के तहत भारत में टेलीग्राम प्लेटफॉर्म तक पहुंच को 22 जून तक सीमित कर दिया गया है।
शिक्षा मंत्रालय और NTA की सिफारिशों के बाद यह कदम उठाया गया है, क्योंकि हाल के हफ्तों में टेलीग्राम पर ‘Paper Leaked NEET’, ‘Re-NEET 2026’, ‘Private Mafia’ और ‘Ree NEET Mafiaa’ जैसे नाम से कई संदिग्ध चैनल सक्रिय देखे गए थे।
NTA ने बनाया नया रिपोर्टिंग पोर्टल
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए NTA ने छात्रों, अभिभावकों और कोचिंग संस्थानों के लिए एक समर्पित पोर्टल भी लॉन्च किया है। इसका उद्देश्य किसी भी संदिग्ध दावे, अनधिकृत सामग्री या धोखाधड़ी की गतिविधियों की तुरंत रिपोर्ट करना है। NTA ने स्पष्ट किया है कि 21 जून को होने वाली परीक्षा के लिए कोई भी व्यक्ति परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र तक पहुंच नहीं रखता है।
क्या-क्या रिपोर्ट करें?
NTA ने उम्मीदवारों से आग्रह किया है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक गतिविधि को तुरंत रिपोर्ट करें, जिसमें शामिल हैं:
- प्रश्नपत्र या उत्तर कुंजी का एक्सेस होने का दावा करने वाली अनधिकृत वेबसाइटें या सोशल मीडिया अकाउंट्स।
- पैसों के बदले पेपर लीक या गारंटीड रिजल्ट का दावा करने वाले व्यक्ति या गिरोह।
- NTA अधिकारी या सरकारी प्रतिनिधि बनकर बात करने वाले संदिग्ध लोग।
- उम्मीदवारों को डराने या गुमराह करने वाली कोई भी अन्य गतिविधि।
उम्मीदवारों को NTA की सलाह
सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में NTA ने छात्रों से कहा है, “अफवाहों को अपनी NEET 2026 यात्रा तय न करने दें। परीक्षा से पहले पेपर किसी के पास नहीं होता। यदि आपको कोई फर्जी वेबसाइट, ‘लीक पेपर’ का ऑफर या कोई NTA अधिकारी बनकर संपर्क करे, तो उसे तुरंत रिपोर्ट करें।” उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक NTA और NEET वेबसाइटों पर ही भरोसा करें।
कैसे करें रिपोर्ट?
उम्मीदवार NTA के समर्पित पोर्टल पर जाकर घटना का विवरण, प्लेटफॉर्म का लिंक, समय और तारीख दर्ज कर सकते हैं। साथ ही, सबूत के तौर पर स्क्रीनशॉट, लिंक या डॉक्यूमेंट्स भी अपलोड किए जा सकते हैं।
