प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने छह दिवसीय फ्रांस-स्लोवाकिया दौरे के तहत फ्रांस के नीस शहर में राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से द्विपक्षीय वार्ता की। इस दौरान भारत और फ्रांस के बीच रक्षा, व्यापार, प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष, शिक्षा और सुरक्षा समेत विभिन्न क्षेत्रों में 13 महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए।
बैठक के दौरान दोनों नेताओं के बीच मजबूत मित्रता और आपसी विश्वास की झलक देखने को मिली। मोदी और मैक्रों ने एक-दूसरे का गर्मजोशी से स्वागत किया, गले मिले और सेल्फी भी ली। राष्ट्रपति मैक्रों ने सोशल मीडिया पर दोनों नेताओं की सेल्फी साझा करते हुए “Nice” कैप्शन लिखा।
प्रधानमंत्री मोदी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बैठक की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि राष्ट्रपति मैक्रों के साथ उनकी बातचीत बेहद फलदायी रही। उन्होंने भारत-फ्रांस संबंधों को “विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी” के स्तर तक ले जाने की घोषणा की।
मोदी ने कहा कि दोनों देशों ने रक्षा, प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष, सुरक्षा, आतंकवाद-रोधी सहयोग और नवाचार जैसे क्षेत्रों में साझेदारी को और मजबूत बनाने पर चर्चा की। साथ ही अगले पांच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत और फ्रांस आवश्यक खनिजों एवं तकनीकी आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत बनाने के लिए “आर्थिक सुरक्षा संवाद” शुरू करेंगे। स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में भी सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौता (FTA) आर्थिक संबंधों को नई गति देगा।
स्लोवाकिया पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी
फ्रांस यात्रा के बाद प्रधानमंत्री मोदी अपने दौरे के दूसरे चरण में स्लोवाकिया पहुंच गए हैं। रविवार देर रात राजधानी ब्रैटिस्लावा पहुंचने पर उनका स्वागत स्लोवाकिया के विदेश एवं यूरोपीय मामलों के मंत्री जुराज ब्लानार ने किया।
पारंपरिक स्लोवाक रीति-रिवाज के तहत प्रधानमंत्री मोदी का ब्रेड और नमक भेंट कर स्वागत किया गया, जिसे वहां सम्मान और सद्भावना का प्रतीक माना जाता है। इस अवसर पर उन्होंने म्यावा क्षेत्र के प्रसिद्ध बाल लोकनृत्य समूह ‘कोपानिसियारिक’ की सांस्कृतिक प्रस्तुति का भी आनंद लिया।
प्रधानमंत्री मोदी 16 जून तक स्लोवाकिया में रहेंगे, जहां वे राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी और प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। यह दौरा अप्रैल 2025 में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की स्लोवाकिया यात्रा के बाद हो रहा है।
स्लोवाकिया पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा कि यह यात्रा भारत-स्लोवाकिया संबंधों को और मजबूत करने तथा सहयोग के नए अवसर तलाशने का महत्वपूर्ण अवसर है।
G7 शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल
प्रधानमंत्री मोदी 13 से 18 जून तक फ्रांस और स्लोवाकिया के दौरे पर हैं। वह 17 जून को फ्रांस के एवियन-ले-बैंस में आयोजित होने वाले G7 Summit 2026 में भाग लेंगे। इस दौरान उनकी अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump से भी मुलाकात होने की संभावना है।
गौरतलब है कि स्लोवाकिया में 9,200 से अधिक भारतीय रहते हैं, जिनमें बड़ी संख्या आईटी सेवाओं, तकनीकी विकास केंद्रों और अन्य पेशेवर क्षेत्रों में कार्यरत है। यह देश यूरोप के प्रमुख ऑटोमोबाइल विनिर्माण केंद्रों में शामिल है, जहां हर वर्ष 10 लाख से अधिक यात्री वाहनों का उत्पादन किया जाता है।
