नई दिल्ली। घरेलू रसोई गैस (LPG) सिलेंडर की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर के दाम में 29 रुपए की वृद्धि की गई है। नई कीमतें आज रात 12 बजे से लागू हो गई हैं। इसके बाद दिल्ली में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 913 रुपए से बढ़कर 942 रुपए हो गई है।
यह पिछले तीन महीनों में दूसरी बार है जब घरेलू LPG सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले 7 मार्च को सिलेंडर की कीमत में 60 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी। इस तरह तीन महीनों के भीतर घरेलू गैस सिलेंडर कुल 89 रुपए महंगा हो चुका है।
समाचार एजेंसी PTI के सूत्रों के अनुसार, सरकारी तेल कंपनियों ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ी ऊर्जा लागत और घरेलू बिक्री पर हो रहे नुकसान को कीमत बढ़ाने का प्रमुख कारण बताया है। कंपनियों का दावा है कि उन्हें प्रत्येक घरेलू सिलेंडर पर करीब 703 रुपए का नुकसान हो रहा था। हालिया मूल्य वृद्धि से इस नुकसान की केवल आंशिक भरपाई हो सकेगी।
इससे पहले 8 अप्रैल 2025 को भी घरेलू LPG सिलेंडर के दाम 50 रुपए बढ़ाए गए थे। वहीं, 1 मार्च 2026 को कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में 31 रुपए तक की बढ़ोतरी की गई थी। 5 किलोग्राम वाले LPG सिलेंडर के दाम भी 11 रुपए बढ़ाए गए हैं, जिसके बाद इसकी कीमत 821.50 रुपए हो गई है।
LPG के साथ-साथ पेट्रोल, डीजल और CNG की कीमतों में भी हाल के सप्ताहों में इजाफा हुआ है। मई महीने में पेट्रोल और डीजल के दाम कुल मिलाकर 7.50 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ चुके हैं, जबकि CNG करीब 6 रुपए प्रति किलोग्राम महंगी हुई है। तेल कंपनियों का कहना है कि उन्हें पेट्रोल पर लगभग 11 रुपए प्रति लीटर और डीजल पर 33.6 रुपए प्रति लीटर का नुकसान उठाना पड़ रहा है।
सरकार का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और ऊर्जा उत्पादों की बढ़ती कीमतों का पूरा बोझ उपभोक्ताओं पर नहीं डाला गया है। कीमतों में हुई वृद्धि का कुछ हिस्सा सरकारी तेल कंपनियां स्वयं वहन कर रही हैं।
कैसे तय होती है LPG सिलेंडर की कीमत
घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत कई कारकों के आधार पर तय की जाती है। इसमें अंतरराष्ट्रीय बाजार में LPG की कीमत, डॉलर के मुकाबले रुपये की विनिमय दर, गैस आयात और परिवहन लागत, बॉटलिंग एवं वितरण खर्च शामिल होते हैं। इसके अलावा तेल कंपनियां लागत और बाजार की परिस्थितियों को ध्यान में रखकर कीमत निर्धारित करती हैं। सरकार की टैक्स और सब्सिडी संबंधी नीतियां भी गैस सिलेंडर की अंतिम कीमत को प्रभावित करती हैं।
