सूरजपुर। जिले के चांदनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक युवती के रेडियो टावर पर चढ़ जाने से थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई। करीब 20 वर्षीय युवती अपने प्रेमी को थाने बुलाने और उससे शादी कराने की मांग को लेकर टावर पर चढ़ गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के लोग थाना परिसर में पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि युवती और युवक के बीच पिछले 3-4 वर्षों से प्रेम संबंध था। युवती का आरोप है कि उसका प्रेमी कई महीने पहले उसे छोड़कर चला गया है। इसके बाद से उसका कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है। उसका मोबाइल भी लगातार बंद आ रहा है। इसी बात से नाराज होकर युवती ने पुलिस से युवक को थाने बुलाकर दोनों की शादी कराने की मांग शुरू कर दी।
शिकायत के मामले में बयान दर्ज कराने पहुंची थी युवती
पुलिस के अनुसार, युवती ने पहले अपने प्रेमी के संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। उसी शिकायत की जांच के सिलसिले में शुक्रवार को उसे बयान दर्ज कराने के लिए चांदनी थाना बुलाया गया था। बताया जा रहा है कि बयान की प्रक्रिया के दौरान अचानक युवती थाना परिसर में लगे रेडियो टावर पर चढ़ गई।
युवती के टावर पर चढ़ने की खबर मिलते ही पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही।
प्रेमी को बुलाने और शादी कराने की मांग करती रही युवती
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवती लगातार अपने प्रेमी को थाने बुलाने और दोनों की शादी कराने की बात कहती रही। इस दौरान उसके परिवार के सदस्य, गांव के सरपंच, उपसरपंच और अन्य ग्रामीण भी मौके पर मौजूद रहे। सभी ने काफी देर तक उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन युवती टावर से नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई।
पुलिसकर्मियों ने जोखिम उठाकर बचाया
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने सावधानी बरतते हुए रेडियो टावर पर चढ़कर युवती तक पहुंच बनाई। करीब 4 से 5 घंटे तक चले प्रयास और समझाइश के बाद पुलिस उसे सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रही।
नीचे आने के बाद पुलिस ने युवती को शांत कराया और उसके परिजनों से बातचीत की। घटना के दौरान थाना परिसर में काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही।
मामले की जांच जारी
चांदनी थाना पुलिस का कहना है कि युवती की शिकायत पर जांच की जा रही है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखें।
