पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए बुधवार सुबह सात बजे से मतदान जारी है. पिछली बार की तरह इस बार भी जनता जमकर वोट डाल रही है. चुनाव आयोग द्वारा जारी डेटा के अनुसार दोपहर 1 बजे तक 61.11% से ज्यादा मतदान हो चुका है. अब देखने वाली बात ये होगी की क्या दूसरे चरण में पहले चरण की तरह 90% या उससे ज्यादा मतदान होता है या नहीं. इस बीच खबर है कि, भवानीपुर में बीजेपी प्रत्याशी शुभेंदु अधिकारी और टीएमसी वर्कर्स के बीच झड़प हो गई है.
हालांकि, सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभाल लिया है और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्के बल का प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज किया. वहीं, इस बारे में शुभेंदु अधिकारी ने मीडिया से कहा कि मैं बूथ का दौरा कर रहा हूं। ये मतदाता नहीं बल्कि बाहरी लोग हैं. वहीं, बूथ पर मतदान करने पहुंचे एक मतदाता ने आजतक को बताया कि बीजेपी प्रत्याशी शुभेंदु यहां दौरा करने पहुंचे थे, जहां उन्होंने जय श्रीराम का नारा लगाया. इसके जवाब में मौके पर मौजूद भीड़ ने जय बांग्ला के नारे लगाना शुरू कर दिया. इसके बाद देखते ही देखते पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
‘पुलिस ने TMC के वर्कर्स को नहीं, हमें जाने को कहा’ – RG Kar रेप पीड़िता के पिता
पानिहाटी में बीजेपी उम्मीदवार और आरजी कर मेडिकल कॉलेज रेप और मर्डर पीड़िता की मां को टीएमसी वर्कर्स द्वारा घेरे जाने की घटना के बारे में जानकारी देते हुए पीड़िता के पिता सेखररंजन देबनाथ ने कहा, ‘जब हम रास्ते से गुजर रहे थे, तब टीएमसी गुंडे मोटरसाइकिल पर मौजूद थे. उन्होंने हम पर नारेबाजी भी की. उन्होंने और भी कई टीएमसी गुंडों को बुला लिया और हम पर हमला करने की कोशिश की. पुलिस ने उन्हें (टीएमसी कार्यकर्ताओं) वहां से नहीं हटाया, बल्कि हमें ही जगह छोड़ने को कहा. वो ऐसा इसलिए कर रहे हैं, क्योंकि उन्हें हमसे डर लगता है.’
