धमतरी। जिले के मगरलोड विकासखंड के करेलीबड़ी गांव में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक मासूम बच्ची द्वारा खरीदे गए फ्रूटी के पैक के अंदर संदिग्ध फंगस या कीड़े जैसी वस्तु मिलने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद बच्ची को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, बच्ची ने गांव के ही एक जनरल स्टोर से फ्रूटी का पैक खरीदा था। घर पहुंचकर जब वह इसे पी रही थी, तभी परिजनों की नजर पैक के अंदर गई, जहां एक अनजान पदार्थ या कीड़े जैसी वस्तु तैरती हुई दिखाई दी। यह देखकर परिजन घबरा गए और तुरंत बच्ची को अस्पताल लेकर पहुंचे।
घटना की सूचना मिलते ही खाद्य विभाग की टीम हरकत में आ गई। अधिकारियों ने संबंधित जनरल स्टोर पर पहुंचकर जांच की और उसी बैच के फ्रूटी पैक के सैंपल जब्त कर लिए। इन सैंपलों को आगे की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि यह उत्पाद किस सप्लाई चेन के जरिए दुकान तक पहुंचा और क्या इसमें उत्पादन स्तर पर कमी रही या फिर भंडारण और रखरखाव में लापरवाही हुई।
इस घटना के बाद क्षेत्र में ब्रांडेड पेय पदार्थों की गुणवत्ता और उनकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर चिंता का माहौल है।
खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी और यदि किसी प्रकार की लापरवाही या गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
