रायपुर। मोबाइल पर फर्जी मैसेज भेजकर मोबाइल हैक करने और बैंक खातों से 3.94 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले दो अंतर्राज्यीय साइबर ठगों को रायपुर पुलिस ने झारखंड के बोकारो जिले से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी मूलतः झारखंड के निवासी हैं। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन, एक चेकबुक और 2,000 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, डीडी नगर थाना क्षेत्र के कंचनगंगा फेस-02 निवासी चार्टर्ड अकाउंटेंट विष्णु दत्त बघेल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 8 नवंबर 2025 को उनके मोबाइल पर कई संदेश आए। मैसेज खोलने के कुछ समय बाद उनके यूको बैंक और एक्सिस बैंक खातों से अलग-अलग ऑनलाइन ट्रांजेक्शन होने लगे। 8 से 10 नवंबर 2025 के बीच उनके खातों से कुल 3.94 लाख रुपये की अनधिकृत निकासी कर ली गई।
शिकायत के आधार पर थाना डीडी नगर में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 186/26 के तहत धारा 318(4) बीएनएस एवं 66(डी) आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना डीडी नगर की संयुक्त टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों, बैंकिंग ट्रांजेक्शन और इलेक्ट्रॉनिक डेटा का गहन विश्लेषण किया गया। जांच के दौरान आरोपियों की लोकेशन झारखंड के बोकारो जिले में मिली।
पुलिस ने बोकारो में की लगातार निगरानी
पुलिस टीम तत्काल बोकारो पहुंची और लगातार निगरानी के बाद विशाल कुमार सिंह (26) निवासी ग्राम कटका, थाना बालीडीह तथा महेश प्रसाद सिंह (34) निवासी ग्राम बांधडीह, थाना जरीडीह, जिला बोकारो को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर फर्जी मैसेज भेजकर मोबाइल हैक करने और पीड़ित के बैंक खातों से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए साइबर ठगी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन, एक चेकबुक और 2,000 रुपये नकद जब्त किए हैं। जब्त मोबाइल फोन एवं अन्य डिजिटल साक्ष्यों का तकनीकी परीक्षण जारी है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान, गिरफ्तारी तथा देश के विभिन्न राज्यों में की गई संभावित साइबर ठगी के मामलों की भी जांच कर रही है।
