इस बार का इंडियन प्रीमियर लीग कई अनुभवी खिलाड़ियों के लिए टूर्नामेंट का आखिरी सीजन साबित हो सकता है. इसमें चेन्नई सुपर किंग्स के महेंद्र सिंह धोनी का नाम सबसे ऊपर है. मुंबई इंडियंस के ट्रेंट बोल्ट और कोलकाता नाइट राइडर्स के अजिंक्य रहाणे का नाम भी शामिल है.
इंडियन प्रीमियर लीग के नए सीजन की शुरुआत होने वाली है. टूर्नामेंट में उतरने वाले दिग्गजों में कई खिलाड़ी ऐसे हैं आखिरी बार अपनी टीम की तरफ से खेलने उतरेंगे. कयास लगाए जा रहे हैं कि कुछ अनुभवी खिलाड़ी आईपीएल 2026 के बाद संन्यास की घोषणा कर सकते हैं.
आईपीएल 2026 के बाद ये 5 खिलाड़ी ले सकते हैं संन्यास और इस लिस्ट में सबसे ऊपर चेन्नई सुपर किंग्स के महेंद्र सिंह धोनी का नाम है. यूं तो हर सीजन में इस चैंपयन कप्तान के रिटायर होने की बातें की जाती है लेकिन वो चुप चाप अगले सीजन की तैयारी में लग जाते है. इस बार भी कुछ कहा नहीं जा सकता लेकिन धोनी ने संकेत दिए हैं कि वो शायद आखिरी बार ही टूर्नामेंट में उतरेंगे.
चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान और स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज एमएस धोनी. वह इस सीजन के बाद आईपीएल से संन्यास ले सकते हैं. जब से संजू सैमसन फ्रेंचाइज़ी में आए हैं, ऐसा लग रहा है कि धोनी का क्रिकेट करियर अब खत्म होने की ओर है. 5 बार टीम को चैंपियन बनाने वाले इस खिलाड़ी ने कुल 5,321 रन बनाए हैं.
इस बार के आईपीएल खेलकर संन्यास की घोषणा करने वालों की लिस्ट में अजिंक्य रहाणे का नाम भी शामिल किया जा रहा है. इस समय शाहरुख खान की कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान का फोकस टीम को ट्रॉफी दिलाने पर है. राजस्थान रॉयल्स, मुंबई इंडियन और चेन्नई सुपर किंग्स के अलावा भी कई टीम की तरफ से रहाणे आईपीएल खेल चुके हैं. उन्होंने कुल 198 मैच में 5032 रन बनाए हैं.
काव्या मारन की सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज हर्षल पटेल. हाल ही में उनके प्रदर्शन में गिरावट आई है. अगर इस सीजन में वह अच्छा नहीं खेलते तो संन्यास ही उनका विकल्प हो सकता है. डेथ ओवर्स में हर्षल पटेल अब उतने प्रभावी नहीं रहे हैं. साल 2021 में आरसीबी और 2024 में पंजाब किंग्स के लिए खेलते हुए उन्होंने पर्पल कैप हासिल किया था.
गुजरात टाइटन्स के लिए खेलने वाले तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा भी इस लिस्ट में शामिल हैं. उम्र के कारण अब वह बहुत कम मैच खेल सकते हैं, इसलिए आईपीएल 2026 के बाद वह संन्यास लेने का फैसला कर सकते हैं. कोलकाता नाइट राइडर्स, दिल्ली कैपिटल्स समेत कुल 7 टीमों की तरफ से खेलते हुए 117 मैच में 96 विकेट अपने नाम किए हैं.
मुंबई इंडियंस के स्टार तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट भी अपने करियर के अंत के करीब हैं. वह अब बहुत कम मैच खेलते हैं और आईपीएल 2026 के बाद वह लीग से संन्यास ले सकते हैं. उन्होंने अब तक कुल राजस्थान रॉयल्स, दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेल चुके इस गेंदबाज के नाम 120 मैच में 143 विकेट हैं.
