बिलासपुर। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने टीएल बैठक में शिक्षा, जनकल्याण, शिकायत निवारण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े मामलों पर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले में कोई भी स्कूल एकल शिक्षक वाला नहीं होना चाहिए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में वर्तमान में 11 ऐसे विद्यालय हैं, जहां केवल एक शिक्षक कार्यरत है। कलेक्टर ने सभी स्कूलों में शीघ्र अतिरिक्त शिक्षकों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने राष्ट्रीय और राज्य मार्गों पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के खिलाफ नियमित अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस मामले में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
स्कूलों में स्मार्ट टीवी और शैक्षणिक संसाधनों पर जोर
शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए सभी शालाओं में स्मार्ट टीवी और अन्य आवश्यक शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लंबित मामलों का जल्द केवाईसी पूरा कराने पर भी जोर दिया गया।
हितग्राहियों को बैंक ले जाकर कराएं केवाईसी
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जरूरत पड़ने पर वे स्वयं हितग्राहियों को बैंक ले जाकर उनकी केवाईसी प्रक्रिया पूरी कराएं, ताकि उन्हें योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
सीएम हेल्पलाइन: आवेदक से चर्चा कर करें शिकायतों का समाधान
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि किसी भी आवेदन का औपचारिक या एकतरफा निराकरण न किया जाए। आवेदक से चर्चा कर उसकी समस्या का संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने हेल्पलाइन पोर्टल का प्रतिदिन सुबह और शाम निरीक्षण करने तथा शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
जिले में इस वर्ष 10 लाख से अधिक पौधे लगाए जाएंगे
कलेक्टर ने बताया कि जिले में इस साल 10 लाख से अधिक पौधों का रोपण किया जाएगा। 18 जुलाई को जिला स्तरीय विशाल वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित होगा। वन विभाग ने 8.17 लाख और उद्यानिकी विभाग ने 2.31 लाख पौधे तैयार रखे हैं।
पौधे लगाने से ज्यादा जरूरी उनका संरक्षण
कलेक्टर ने बड़े आकार के पौधों के रोपण, शहर से लगे क्षेत्रों और छोटे झाड़ वाले जंगलों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पौधे लगाने के साथ उनका संरक्षण सुनिश्चित करना सबसे अधिक महत्वपूर्ण है।
बारिश के दौरान पुल-पुलियों और नदी-नालों पर रखें कड़ी निगरानी
मानसून को देखते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को पुल-पुलियों और नदी-नालों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उफनते नदी-नालों के ऊपर से किसी भी स्थिति में आवागमन न होने दिया जाए और विद्यार्थियों को भी ऐसे मार्गों से गुजरने से रोका जाए।
सड़कों पर घूम रहे मवेशियों को गौठानों में भेजने के निर्देश
सड़कों पर विचरण करने वाले मवेशियों की समस्या पर चिंता जताते हुए कलेक्टर ने उन्हें गौठानों और आश्रय स्थलों में शिफ्ट करने के निर्देश दिए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
