रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश में तेज मानसूनी गतिविधियां बने रहने का अनुमान जताया है। सोमवार को अधिकांश जिलों में मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कई स्थानों पर तेज बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चल सकती हैं। प्रदेश में अब तक सामान्य से 20 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है।
रविवार को राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा रिकॉर्ड की गई। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली। शनिवार को 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा रायपुर का अधिकतम तापमान रविवार को करीब तीन डिग्री सेल्सियस गिर गया।
बसना, सरायपाली, सोनाखान, पिथौरा, बिलाईगढ़, सारंगढ़, बगीचा और कोरबा सहित कई इलाकों में भी अच्छी बारिश हुई, जिससे तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। रविवार को प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में मध्यम से तेज बारिश, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है।
इसके अलावा रायपुर, सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया, बलरामपुर सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
