Tej Pratap Yadav Death Threat: जनशक्ति जनता दल (JJD) के प्रमुख तेज प्रताप यादव एक बार फिर गंभीर विवाद और चर्चा के केंद्र में आ गए हैं। कुछ समय पहले बिहार सरकार के एक मंत्री द्वारा 50 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजे जाने के बाद, अब उन्होंने खुद को जान से मारने की धमकी मिलने का सनसनीखेज दावा किया है। जेजेडी सुप्रीमो का कहना है कि उन्हें फोन पर न सिर्फ जान से खत्म करने की धमकी दी गई, बल्कि एक वीडियो वायरल करने के नाम पर ब्लैकमेल कर अवैध रूप से पैसों की डिमांड भी की जा रही है।
सोशल मीडिया पर शेयर किया आरोपी का मोबाइल नंबर
इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए तेज प्रताप यादव ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर एक मोबाइल नंबर (7520322647) सार्वजनिक किया है। उन्होंने पोस्ट में लिखा कि दोपहर 3 बजकर 11 मिनट पर इसी नंबर से उनके पास एक कॉल आया था।
फोन करने वाले शख्स ने खुद को किसी मीडिया हाउस से जुड़ा हुआ बताया और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। साथ ही, वीडियो वायरल करने की बात कहकर उन्हें लगातार ब्लैकमेल किया जा रहा है और पैसों की उगाही का प्रयास किया जा रहा है।
पार्टी कार्यकर्ताओं और खुद की सुरक्षा पर जताई चिंता
Tej Pratap Yadav Death Threat: तेज प्रताप यादव ने इसे बेहद गंभीर मामला करार देते हुए कहा है कि यह केवल उनकी निजी सुरक्षा का सवाल नहीं है, बल्कि उनकी पार्टी जनशक्ति जनता दल से जुड़े अन्य लोगों की हिफाजत के लिए भी चिंता का विषय है। उनके मुताबिक, वही आरोपी नंबर पार्टी के कई अन्य सदस्यों को भी लगातार फोन करके परेशान कर रहा है, धमकियां दे रहा है और वीडियो वायरल करने का डर दिखाकर कथित तौर पर पैसे मांग रहा है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस नंबर की तुरंत जांच करके आरोपी की पहचान की जाए और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए।
केंद्र और बिहार सरकार से लगाई थी सुरक्षा की गुहार
Tej Pratap Yadav Death Threat: उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी तेज प्रताप यादव अपनी सुरक्षा को लेकर केंद्र और बिहार सरकार के सामने गुहार लगा चुके हैं। उन्होंने कुछ दिन पहले एक्स पर पोस्ट कर बताया था कि उनके आवास के बाहर शराब के नशे में दो लोगों को पकड़ा गया था, जिन्हें सचिवालय थाना पुलिस के हवाले किया गया था। इसके बाद आरोपी के परिजनों द्वारा उनके घर के बाहर आकर घेराव करना सुरक्षा के लिहाज से बेहद खतरनाक और चिंताजनक स्थिति थी।
देश और बिहार के विभिन्न हिस्सों में उनके कार्यक्रम तय हैं, लेकिन पर्याप्त सुरक्षा नहीं मिलने के कारण उनका सार्वजनिक आवागमन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने सरकार से सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर तत्काल पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।
