मुंगेली। मेरा युवा भारत (MY Bharat), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत उपनिदेशक श्री नितिन शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित Experience Learning Program (ELP) के तहत 30 जून से 4 जुलाई 2026 तक रामगढ़ स्थित वृद्धाश्रम तथा जिला अस्पताल मुंगेली के प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र में पाँच दिवसीय सेवा एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक श्री नितेश कुमार मोहले ने किया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को समाज सेवा, स्वास्थ्य सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने के साथ उनमें सेवा, नेतृत्व एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास करना था।
कार्यक्रम के दौरान रामगढ़ स्थित वृद्धाश्रम में स्वयंसेवकों ने वृद्धजनों के साथ आत्मीय संवाद स्थापित किया, परिसर की स्वच्छता अभियान चलाया तथा स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया। इस दौरान रक्तचाप (बीपी) परीक्षण, कुर्सी दौड़, बॉल पासिंग सहित विभिन्न मनोरंजक एवं समूह गतिविधियों के माध्यम से वृद्धजनों का उत्साहवर्धन किया गया। समापन दिवस 4 जुलाई को सभी वृद्धजनों को सम्मानपूर्वक स्वल्पाहार कराया गया तथा उनके साथ समय बिताकर उन्हें अपनत्व और सम्मान का अनुभव कराया गया।
वहीं जिला अस्पताल, मुंगेली स्थित प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र में स्वयंसेवकों ने केंद्र की कार्यप्रणाली का अध्ययन किया तथा आम नागरिकों को प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना के अंतर्गत उपलब्ध गुणवत्तापूर्ण एवं किफायती जेनेरिक दवाइयों की जानकारी दी। साथ ही जन औषधि केंद्र के महत्व एवं स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
वृद्धाश्रम में आयोजित गतिविधियों में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक श्री नितेश कुमार मोहले के नेतृत्व में स्वयंसेवक चंद्रशेखर चेलकर, राजीव टोंडे, संजीव टोंडे, हनी सांडे एवं अमित पुरी ने सक्रिय सहभागिता निभाई। वहीं जन औषधि केंद्र में स्वयंसेविकाओं बम्लेश्वरी साहू, भूमिका साहू, श्रुति पाटले, पिंकी पाटले एवं पूजा साहू ने सेवा कार्यों, जनजागरूकता एवं हितग्राहियों के सहयोग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर उपनिदेशक नितिन शर्मा, रामगढ़ वृद्धाश्रम परिवार, जिला अस्पताल मुंगेली, प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा सभी स्वयंसेवकों और स्वयंसेविकाओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया। आयोजकों ने बताया कि यह कार्यक्रम युवाओं में सेवा, संवेदनशीलता, नेतृत्व एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सार्थक पहल साबित हुआ।
