पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरलम और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव की काउंटिंग जारी है। बंगाल में भाजपा की बढ़त के बीच जश्न शुरू हो गया है। कोलकाता में TMC ऑफिस पर सन्नाटा पसरा है। दिल्ली में भाजपा हेडक्वार्टर पर पूरी-जलेबी बनी। बैंड-बाजा टीम भी पहुंच गई है। चेन्नई में DMK ऑफिस पर पहले जश्न जैसा माहौल था लेकिन अब टेंट खोल दिए गए हैं।
1. कोलकाता में TMC ऑफिस पर सन्नाटा
पश्चिम बंगाल में काउटिंग के बीच कोलकाता में TMC ऑफिस के बाहर सन्नाटा पसरा है। यहां सुबह के समय कोई चहल-पहल नहीं दिखी। वहीं भाजपा ऑफिस पर केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, सांसद संजय जायसवाल सहित कई नेता पहुंचे हैं।
2. भाजपा हेडक्वार्टर पर जलेबी बनी
दिल्ली स्थित BJP हेडक्वार्टर में काउंटिंग शुरू होते ही जश्न की तैयारियां दिखने लगीं। यहां कार्यकर्ताओं ने जलेबी बनानी शुरू कर दी। पार्टी असम में बहुमत का आंकड़ा पार कर चुकी है और पश्चिम बंगाल में बढ़त बनाए हुए है।
3. DMK ऑफिस से टेंट हटाए गए
चेन्नई में DMK पार्टी के हेडक्वार्टर अन्ना अरिवलयम में टेंट हटाए जा रहे हैं, क्योंकि शुरुआती रुझानों में पार्टी तीसरे स्थान पर नजर आ रही है। शुरुआती रुझानों में पहली बार चुनाव लड़ने वाली TVK नंबर बन पार्टी बनकर उभरी है।
4. दिल्ली में बैंड-बाजा के साथ भाजपा का जश्न
दिल्ली में भाजपा हेडक्वार्टर पर अलग-अलग तरीकों से जश्न मनाया जा रहा है। बैंड-बाजा की टीम पहुंच गई है। शाम 7 बजे PM मोदी यहां पहुंचेंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं से शाम 5 बजे तक जुटने को कहा गया है।
5. सिलिगुड़ी में BJP कार्यकर्ताओं ने अबीर-गुलाल लगाए
बंगाल के सिलिगुड़ी में भाजपा ऑफिस के बाहर कार्यकर्ताओं के बीच जश्न का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने यहां एक-दूसरे को भगवा रंग के अबीर-गुलाल लगाए और पार्टी के समर्थन में नारेबाजी की।
इससे पहले पांचों राज्यों में चुनाव प्रचार के दौरान भी कई ऐसे नजारे दिखे, जो चर्चा में रहे। पीएम मोदी ने बंगाल में झालमुड़ी खाई, तो राहुल गांधी केरलम में साइकिल से घूमे। ममता ने सब्जी खरीदी तो मोदी ने नाव चलाने वाले को गले लगा लिया।
