रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून। अपना असर दिखा रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में बीते कुछ दिनों से लगातार बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित है। नदी-नाले उफान पर हैं, कई जगह सड़कों पर पानी भर गया है और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इस बीच मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए प्रदेश में बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
8 सितंबर तक बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में 8 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। प्रदेश के कई इलाकों में बारिश के साथ गरज-चमक होने की संभावना है। वहीं कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी जताया गया है। मौसम विभाग ने 4 सितंबर से 8 सितंबर 2026 तक जिलेवार मौसम की चेतावनी जारी की है। इसके तहत अलग-अलग जिलों में मौसम की स्थिति को देखते हुए बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
बारिश के दौरान नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने और सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की गई है। प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच आने वाले दिनों में भी मौसम का मिजाज सक्रिय रहने के आसार हैं। ऐसे में लोगों को स्थानीय मौसम अपडेट और प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी पर नजर बनाए रखने की जरूरत है।
