नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को रोजगार मेले के 19वें संस्करण के तहत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नव नियुक्त 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किया ।
नव नियुक्त युवाओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि रोजगार मेला सरकार की उस प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जिसके तहत युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए सशक्त किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश की युवा शक्ति “विकसित भारत 2047” के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि तेज़ तकनीकी प्रगति और युवा प्रतिभा के कारण दुनिया भारत के साथ साझेदारी करने के लिए उत्सुक है।
उन्होंने स्वच्छ ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज, हरित हाइड्रोजन और सतत विनिर्माण जैसे उभरते क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे युवाओं के लिए नए रोजगार और आर्थिक अवसर पैदा हो रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने ग्रामीण भारत में हो रहे बदलावों की भी चर्चा की और कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी से किसानों, छोटे व्यापारियों और छात्रों के लिए नए अवसर बने हैं।
उन्होंने नव नियुक्त अधिकारियों से आह्वान किया कि वे लोक सेवा को राष्ट्रीय सेवा के रूप में अपनाएं और शासन में भी वही ऊर्जा और समर्पण लेकर आएं, जो भारतीय युवा वैश्विक स्तर पर दिखा रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने अपनी हालिया विदेश यात्राओं का उल्लेख करते हुए कहा कि विभिन्न देशों के साथ हुए समझौते आने वाले समय में भारत के युवाओं के लिए नए अवसरों को मजबूत करेंगे।
सरकारी जानकारी के अनुसार, यह रोजगार मेला देशभर के 47 स्थानों पर आयोजित किया गया। अब तक आयोजित 18 रोजगार मेलों के माध्यम से लगभग 12 लाख नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके हैं।
