पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के रिजल्ट के दो दिन बाद ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के आवास और कैमैक स्ट्रीट स्थित पार्टी हेडक्वार्टर से सुरक्षा व्यवस्था हटा दी गई है। तीनों जगहों पर बुधवार से अतिरिक्त पुलिस तैनाती हटा लिए गए।
अभिषेक बनर्जी के हरिश मुखर्जी रोड स्थित आवास के बाहर फुटपाथ पर सिर्फ एक बैरिकेड दिखाई दिया, जबकि वहां कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। उन्हें अब भी Z-कैटेगरी सुरक्षा मिल रही है औऱ आगे भी मिलती रहेगी। अभिषेक डायमंड हार्बर सीट से सांसद हैं।
बंगाल में 4 मई को रिजल्ट के बाद से हिंसा शुरू हो गई है। कोलकाता के न्यू मार्केट में मंगलवार रात भीड़ ने TMC के पार्टी ऑफिस को बुलडोजर से गिरा दिया। उपद्रवियों ने आसपास की दुकानों को भी नुकसान पहुंचाया। TMC ने घटना का वीडियो शेयर करते हुए X पर लिखा- भाजपा का ‘परिवर्तन’ बुलडोजर लेकर आया है।
इधर, कांग्रेस ने बुधवार को TVK चीफ विजय को तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए समर्थन देने का ऐलान किया। कांग्रेस नेताओं ने TVK हेडक्वार्टर जाकर विजय को समर्थन पत्र भी सौंपा। इसके साथ ही कांग्रेस ने DMK से सालों पुराना गठबंधन भी तोड़ दिया है।
संदेशखाली में सुरक्षाबलों पर फायरिंग, बम से भरा बैग मिला
नॉर्थ 24 परगना जिले के संदेशखाली स्थित बामनघेरी इलाके में मंगलवार रात गश्त कर रही पुलिस और केंद्रीय बलों पर हमला हुआ। उपद्रवियों ने फायरिंग की, जिसमें पांच सुरक्षाकर्मी घायल हो गए।घायलों में नाजाट थाने के ऑफिसर इन-चार्ज, एक कांस्टेबल, एक महिला पुलिसकर्मी और केंद्रीय बलों के दो जवान शामिल हैं।
