मुंगेली। सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में छत्तीसगढ़िया समाज के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक और धमकीपूर्ण शब्दों के इस्तेमाल को लेकर विवाद गहरा गया है। इस मामले को लेकर बुधवार को छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के पदाधिकारियों ने सिटी कोतवाली थाने पहुंचकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा और संबंधित महिला के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के योगेश साहू और परस राम यादव समेत अन्य पदाधिकारियों की ओर से दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में मधुबाला गिरी नामक महिला द्वारा छत्तीसगढ़िया समाज को “जाहिल-गंवार” और “अनपढ़” कहकर अपमानित किया गया है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि वीडियो में महिला द्वारा “छह नंबर की चप्पल का निशान गाल पर पड़ेगा” और सामने आने पर “पैंट गीली हो जाएगी” जैसे धमकीपूर्ण और अमर्यादित शब्दों का प्रयोग किया गया है। पदाधिकारियों का कहना है कि इस तरह की बयानबाजी से पूरे छत्तीसगढ़िया समाज की भावनाएं आहत हुई हैं और क्षेत्र में सामाजिक तनाव उत्पन्न होने की आशंका है।
क्रांति सेना ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि वायरल वीडियो और उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों की गहनता से जांच की जाए तथा मधुबाला गिरी के विरुद्ध सुसंगत कानूनी धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उचित कार्रवाई की जाए। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
