बलौदाबाजार। अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर सोमवार को प्रदेशभर के पटवारी एक दिवसीय हड़ताल पर रहे। इसी कड़ी में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पटवारियों ने जिला मुख्यालय स्थित दशहरा मैदान में एकत्र होकर धरना-प्रदर्शन किया और राज्य शासन से जल्द मांगें पूरी करने की मांग की।
धरना-प्रदर्शन के दौरान पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश में राजस्व निरीक्षकों के बड़ी संख्या में पद रिक्त हैं, जिससे राजस्व कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इसके बावजूद वर्ष 2013 के बाद से पटवारियों की पदोन्नति नहीं की गई है। संघ ने मांग की है कि राजस्व निरीक्षक एवं नायब तहसीलदार के पदों पर पदोन्नति में वरिष्ठता तथा विभागीय परीक्षा के आधार पर 50-50 प्रतिशत अवसर सुनिश्चित किए जाएं, ताकि योग्य एवं अनुभवी कर्मचारियों को न्याय मिल सके।
संघ ने यह भी कहा कि लंबे समय से वेतन विसंगति की समस्या बनी हुई है। समान कार्य करने के बावजूद वेतन में अंतर होने से पटवारियों में असंतोष है। उन्होंने शासन से वेतन संबंधी विसंगतियों को जल्द दूर कर कर्मचारियों को राहत देने की मांग की।
पटवारी संघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि यह एक दिवसीय सांकेतिक आंदोलन है, जिसके माध्यम से शासन का ध्यान उनकी लंबित मांगों की ओर आकर्षित किया गया है। यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता है, तो प्रांतीय स्तर पर बैठक कर आंदोलन को और व्यापक रूप देने की रणनीति बनाई जाएगी।
