रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय बना हुआ है, मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। 27 अगस्त तक कई इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है, जबकि उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के आसार हैं।
27 अगस्त तक बारिश का दौर
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में आगामी दिनों में मानसूनी गतिविधियां सक्रिय रहेंगी। अधिकांश जिलों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश भी हो सकती है।
12 जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के 12 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें राजनांदगांव, कबीरधाम, बेमेतरा, मुंगेली, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया और जशपुर शामिल हैं। इन जिलों में मौसम खराब होने के साथ तेज बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। लोगों को मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
बाकी 21 जिलों में भी बारिश के आसार
प्रदेश के बाकी 21 जिलों में भी गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। हालांकि इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। बारिश और बादलों के प्रभाव के चलते मौसम में उमस और नमी बनी रह सकती है।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
बारिश के दौरान गरज-चमक और आकाशीय बिजली की स्थिति में लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है। नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में भी सावधानी बरतने की जरूरत है।
