रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से लेकर तेज बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया है। राजधानी रायपुर में रविवार दोपहर हुई झमाझम बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। वहीं कई जिलों में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं और जनजीवन भी प्रभावित होने लगा है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के उत्तरी और मध्य क्षेत्रों के कई स्थानों पर तेज से भारी बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक 8 सेंटीमीटर वर्षा मनेन्द्रगढ़ में दर्ज की गई। इसके अलावा बिल्हा और मैनपुर में 7-7 सेंटीमीटर तथा पटना में 6 सेंटीमीटर बारिश हुई। वहीं मुंगेली, गरियाबंद, जनकपुर-भरतपुर, रामानुजगंज, बैकुंठपुर, लोरमी, लालपुर थाना, मगरलोड और चिरमिरी में 5-5 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
इसके साथ ही नगरी, कुकरेल, रतनपुर, हरदीबाजार, पथरिया, मुकडेगा, बलौदा बाजार, पलारी और भाटापारा में 4-4 सेंटीमीटर तथा कुकदुर, मनोरा, पेंड्रा रोड, खड़गवां, कापू, कोंटा, सिमगा, पौड़ी उपरोड़ा, धमतरी, दर्री, बोदरी, मस्तूरी, बीजापुर, पिथौरा और सकरी में 3-3 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
रायपुर में आज भी बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में सोमवार को भी मौसम सुहावना बने रहने की संभावना है। आसमान में दिनभर बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
इन मौसमी प्रणालियों के कारण बढ़ी बारिश
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार झारखंड और उससे सटे बिहार के ऊपर समुद्र तल से लगभग 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा उत्तरी बिहार से उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल होते हुए 1.5 से 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई के बीच एक द्रोणिका सक्रिय है। वहीं उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और उससे लगे दक्षिणी छत्तीसगढ़ के ऊपर 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर भी चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इन सभी मौसमी प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।
कई जिलों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने सोमवार सुबह प्रदेश के कई जिलों के लिए बारिश और आंधी-तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया है। राजनांदगांव, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के लिए अगले तीन घंटे के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
