रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून के फिर से सक्रिय होने के बाद प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया है। शुक्रवार को राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश होती रही। वहीं बिलासपुर में 28 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिससे कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बन गए। सड़कों और रिहायशी इलाकों में पानी भर जाने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों के दौरान मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने का भी अनुमान जताया गया है।
शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर तेज बारिश हुई। अधिकतम तापमान पेंड्रा रोड में 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान राजनांदगांव में 21.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
रायपुर का मौसम
मौसम विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान के मुताबिक, रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में 18 जुलाई को आसमान में बादल छाए रहने के साथ बारिश की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
पश्चिमी विक्षोभ और लो प्रेशर सिस्टम का असर
मौसम विभाग ने बताया कि मानसून द्रोणिका अमृतसर, चंडीगढ़, शाहजहांपुर, बस्ती, पटना और निम्न दाब क्षेत्र से होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक लगभग 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके अलावा उत्तर पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्र में 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज बनी हुई हैं।
इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए रायपुर, बलौदाबाजार, बेमेतरा, दुर्ग, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, जांजगीर-चांपा, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कोरबा, महासमुंद और सक्ती जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है।
