Miss World 2026: मिस वर्ल्ड- 2026 की घोषणा हो गई है। डोमिनिकन रिपब्लिक (Dominican Republic) की जोहेरी मोल मिस वर्ल्ड- 2026 बन बन गईं हैं। स्पेन की एलिसाबेथ रेनेस रनर अप रहीं। वहीं, मलेशिया की तानुसिया चेट्टी तीसरे स्थान पर रहीं। शनिवार को वियतनाम के न्हा ट्रांग में हुए ग्रैंड फिनाले में मिस वर्ल्ड 2025 रहीं ओपल सुचाता चुआंगश्री ने जोहेरी को ताज पहनाया। वहीं भारत की निकिता पोरवाल (Nikita Porwal) टॉप 20 में भी जगह नहीं बना सकी। अगले साल मिस वर्ल्ड का आयोजन तंजानिया में होगा।
इस साल मिस वर्ल्ड का ग्रैंड फिनाले वियतनाम के न्हा ट्रांग में आयोजित किया गया। मिस वर्ल्ड 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहीं निकिता पोरवाल ने भी शानदार सफर तय किया। हालांकि, वह टॉप 20 में अपनी जगह नहीं बना सकीं। निकिता पोरवाल का सफर टॉप 40 तक ही पहुंच सका।
Miss World 2026: जोहेरी मोल को पिछले साल की मिस वर्ल्ड विजेता थाईलैंड की ओपल सुचाता चुआंगसरी ने ‘मिस वर्ल्ड’ का ताज पहनाया। ये ताज पाकर उनके चेहरे पर खुशी और आंखों में आंसू थे। ओपल ने जोहेरी को गले लगाकर उन्हें मिस वर्ल्ड बनने की बधाई दी। ओपल अपने देश की पहली प्रतियोगी थीं, जिन्होंने पिछले साल आयोजित 72वें मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता का खिताब जीता था।
पिछले साल ओपल सुचाता ने खिताब जीता था
मिस वर्ल्ड 2025 का फिनाले पिछले साल 31 मई 2025 को हैदराबाद के हाइटेक्स एग्जीबिशन सेंटर में हुआ था। इस मुकाबले में 108 देशों की कंटेस्टेंट्स ने हिस्सा लिया था। थाइलैंड की ओपल सुचाता चुआंगश्री ने मिस वर्ल्ड 2025 का खिताब अपने नाम किया था। इथियोपिया की हासेट डेरेज फर्स्ट रनर-अप रही थीं। पोलैंड की माजा क्लाज्दा सेकेंड रनर-अप और मार्टिनिक की ओरेली जोआचिम थर्ड रनर-अप रही थीं।
मिस इंडिया ने निकिता की जमकर तारीफ की
मिस इंडिया के ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल ने निकिता पोरवाल की जर्नी को सेलिब्रेट करते हुए लिखा, ‘निकिता पोरवाल ने 73वें मिस वर्ल्ड में टॉप 40 तक का सफर तय किया है। इसके साथ ही मिस वर्ल्ड के लगातार आठ एडिशन में भारत के प्लेस करने का शानदार सिलसिला भी जारी है। निकिता, हमें आप पर गर्व है। आपने दुनिया के सबसे बड़े मंचों में से एक पर पूरे आत्मविश्वास, शालीनता और दिल से भारत का प्रतिनिधित्व किया. आपने हमें जो हर खूबसूरत पल दिया और जिस तरह देश को गौरवान्वित किया, उसके लिए आपका शुक्रिया।
भारत की ओर से किसने जीता मिस वर्ल्ड का खिताब
Miss World 2026: भारत के लिए आखिरी बार मिस वर्ल्ड का खिताब बॉलीवुड एक्ट्रेस मानुषी छिल्लर ने जीता था। वो ये ताज साल 2017 में पहन चुकी थीं। उनसे पहले प्रियंका चोपड़ा ने साल 2000 में मिस वर्ल्ड ब्यूटी पेजेंट जीता था। भारत की ओर से ऐश्वर्या राय (1994), युक्ता मुखी (1999) डायना हेडन (1997) और रीटा फारिया (1966) ने मिस वर्ल्ड जीता है। साल 1999 और 2000 पहला मौका था, जब भारत ने दो बार लगातार मिस वर्ल्ड का खिताब जीता था।
