Tata Group News: देश के सबसे बड़े कारोबारी समूहों में शामिल टाटा ग्रुप में एक बार फिर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। एन चंद्रशेखरन को तीसरी बार Tata Sons का चेयरमैन नियुक्त किए जाने के फैसले को लेकर Tata Trusts ने बॉम्बे हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। ट्रस्ट्स ने Tata Sons और उसके छह डायरेक्टर्स के खिलाफ याचिका दायर कर नियुक्ति को अवैध बताते हुए रद्द करने की मांग की है। मामले में तत्काल सुनवाई की मांग के बाद बॉम्बे हाईकोर्ट ने 27 नवंबर को सुनवाई की तारीख तय की है।
चंद्रशेखरन की नियुक्ति पर क्यों हुआ विवाद?
दरअसल, 17 सितंबर को हुई Tata Sons की बोर्ड बैठक में एन चंद्रशेखरन को अगले पांच साल के लिए फिर से चेयरमैन बनाने का प्रस्ताव पारित किया गया था। हालांकि, इस प्रस्ताव पर Tata Trusts के दो नामित डायरेक्टर्स के बीच मतभेद सामने आए। नोएल टाटा ने प्रस्ताव का विरोध किया, जबकि वेणु श्रीनिवासन ने इसका समर्थन किया।
Tata Group News: दोनों के वोट बराबर होने पर हरीश मनवानी ने कास्टिंग वोट का इस्तेमाल कर प्रस्ताव पारित करा दिया। इसी प्रक्रिया को Tata Trusts ने कंपनी के आर्टिकल ऑफ एसोसिएशन (AoA) के आर्टिकल 121 का उल्लंघन बताया है। ट्रस्ट्स का तर्क है कि इस प्रावधान के तहत उनके नामित दोनों डायरेक्टर्स की सहमति जरूरी थी और कास्टिंग वोट के जरिए इस शर्त को दरकिनार नहीं किया जा सकता।
हर डायरेक्टर से 65 करोड़ रुपये हर्जाने की मांग
Tata Trusts ने अपनी याचिकाओं में संबंधित डायरेक्टर्स से कुल 65 करोड़ रुपये के हर्जाने और 18 फीसदी ब्याज की मांग की है। इसमें सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट की ओर से 50 करोड़ रुपये और आरडी टाटा ट्रस्ट की ओर से 15 करोड़ रुपये का दावा किया गया है।
30 नवंबर की बोर्ड मीटिंग पर भी नजर
इस विवाद का असर 30 नवंबर को होने वाली Tata Sons की अहम बोर्ड बैठक पर भी पड़ सकता है। ट्रस्ट्स ने अदालत से मांग की है कि बोर्ड में नामित डायरेक्टर्स के बीच मतभेद होने की स्थिति में चेयरमैन को कास्टिंग वोट इस्तेमाल करने से रोका जाए।
Tata Group News: इस बैठक में Tata Sons की संभावित लिस्टिंग पर भी चर्चा होनी है, जिसका नोएल टाटा ने विरोध किया है। गौरतलब है कि Tata Trusts के पास Tata Sons की करीब 66 फीसदी हिस्सेदारी है। ऐसे में चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब टाटा ग्रुप के भविष्य और कॉरपोरेट गवर्नेंस के लिहाज से बेहद अहम हो गया है।
