दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो जमीन में गड़ा खजाना मिलने की झूठी कहानी सुनाकर लोगों को ठगता था। पुलिस ने इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ग्रामीण इलाकों के लोगों को यह कहकर झांसे में लेते थे कि उन्हें खुदाई के दौरान सोने के बिस्किट और पुराने सिक्कों का खजाना मिला है। इसके बाद वे इन नकली धातुओं को असली सोना बताकर बाजार से आधे दाम में बेचने का लालच देते थे।
इस ठगी का खुलासा तब हुआ जब बोरसी निवासी मजदूर जीतेंद्र साहू ने शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने पहले उससे 10 हजार रुपये में नकली सोना बेचा और बाद में और सोना होने का दावा करते हुए उसे बड़ी डील का लालच दिया। शक होने पर उसने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ लिया और उनके कब्जे से करीब 1 किलो 242 ग्राम वजन का सोने जैसा दिखने वाला नकली धातु का बिस्किट, एक नकली सिक्का, वारदात में इस्तेमाल वैगनआर कार, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी खुद ही अलग-अलग धातुओं से नकली सोने के बिस्किट तैयार करते थे और पहले भी इसी तरह की ठगी की घटनाओं में शामिल रह चुके हैं।
पुलिस का कहना है कि बरामद नकली धातु को फॉरेंसिक लैब भेजा जाएगा, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इसमें किन धातुओं का उपयोग किया गया है। मामले की आगे जांच जारी है।
