नई दिल्ली। दिल्ली हाईकोर्ट ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) को बड़ा झटका देते हुए उसके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट को तुरंत बहाल करने से इनकार कर दिया है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके की याचिका पर सुनवाई करते हुए न्यायमूर्ति पुरुषैन्द्र कुमार कौरव ने कहा कि मामले के दूरगामी प्रभाव हो सकते हैं, इसलिए केंद्र सरकार का पक्ष सुने बिना कोई आदेश पारित नहीं किया जा सकता।
अदालत ने फिलहाल अकाउंट बहाल करने से इनकार करते हुए मामले की अगली सुनवाई 6 जुलाई तय की है। गौरतलब है कि 21 मई को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का एक्स हैंडल भारत में ब्लॉक कर दिया गया था। इसके बाद समर्थकों ने ‘Cockroach Is Back’ नाम से नया अकाउंट बनाया, जिसके वर्तमान में 2.27 लाख से अधिक फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं।
क्या है पूरा मामला
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ पिछले कुछ दिनों से अपने अनोखे डिजिटल अभियान, व्यंग्यात्मक पोस्ट और प्रतीकों को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा में रही है। इस अभियान की शुरुआत भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की कथित टिप्पणी को लेकर हुए विवाद के बाद हुई थी। बताया गया था कि वरिष्ठ वकील का दर्जा देने से संबंधित एक सुनवाई के दौरान ‘परजीवी’ और ‘कॉकरोच’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया था।
हालांकि बाद में मुख्य न्यायाधीश ने स्पष्ट किया कि उनकी टिप्पणी को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया और यह बयान फर्जी या गलत डिग्री लेकर कानूनी पेशे में आने वाले लोगों के संदर्भ में था।
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ अभियान
विवाद के बाद ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। कॉकरोच को चुनाव चिन्ह बनाकर मीम्स, ग्राफिक्स और राजनीतिक व्यंग्य के जरिए अभियान चलाया गया। इस मंच पर बेरोजगारी, परीक्षा पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और युवाओं से जुड़े मुद्दों को व्यंग्यात्मक अंदाज में उठाया जाता रहा।
संस्थापक अभिजीत दिपके ने इस अभियान को “आलसी और बेरोजगार लोगों की आवाज” बताते हुए कहा था कि इसका उद्देश्य युवाओं की आवाज को मजबूत करना और सरकार को जवाबदेह बनाना है। फिलहाल हाईकोर्ट के फैसले के बाद इस मामले पर सभी की नजरें आगामी सुनवाई पर टिकी हैं।
