सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लटोरी में ड्यूटी के दौरान अस्पताल परिसर में शराब और चिकन पार्टी करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए फार्मासिस्ट रंजीत जायसवाल और वार्ड बॉय प्रेम कुशवाहा को निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को फार्मासिस्ट रंजीत जायसवाल और वार्ड बॉय प्रेम कुशवाहा अपने कुछ साथियों के साथ अस्पताल के एक कमरे में शराब और चिकन पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने मौके पर पहुंचकर वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वायरल वीडियो में चार लोग कुर्सियों पर बैठे दिखाई दे रहे हैं। कमरे में रखी मेज पर डिस्पोजेबल गिलास, शराब की बोतल, चिकन और सिगरेट का डिब्बा भी नजर आ रहा है। वीडियो बनाने और सवाल पूछे जाने पर सभी लोग धीरे-धीरे कमरे से बाहर निकलते दिखाई देते हैं।
घटना के सामने आने के बाद स्थानीय ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर ड्यूटी के दौरान शराब पार्टी करना गंभीर लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना कृत्य है। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. कपिल देव पैकरा ने फार्मासिस्ट रंजीत जायसवाल और वार्ड बॉय प्रेम कुशवाहा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। सीएमएचओ ने कहा कि दोनों कर्मचारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी जारी रहेगी।
