Jagannath Rath Yatra 2026: रायपुर। राजधानी रायपुर के गायत्री नगर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में भगवान जगन्नाथ की वार्षिक रथयात्रा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 16 जुलाई को भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा तीनों दिव्य रथों पर सवार होकर नगर भ्रमण पर निकलेंगे। वहीं, 24 जुलाई को बाहुड़ा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। रथयात्रा से पूर्व 14 जुलाई की शाम 6 बजे मंदिर परिसर में नेत्रोत्सव का धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होगा।
Jagannath Rath Yatra 2026: श्री जगन्नाथ मंदिर सेवा समिति के संस्थापक अध्यक्ष एवं विधायक पुरंदर मिश्रा ने मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि रथयात्रा के दौरान राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भगवान के रथ के समक्ष सोने की झाड़ू से पारंपरिक ‘छेरा पहरा’ की रस्म निभाएंगे। यह परंपरा सेवा, समर्पण और समानता का प्रतीक मानी जाती है। आयोजन में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि रथयात्रा के दिन सुबह 11 बजे वैदिक पंडितों द्वारा विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक और हवन किया जाएगा। भगवान का चंदन, केसर, कस्तूरी और कपूर सहित विभिन्न सुगंधित द्रव्यों से दिव्य स्नान कराया जाएगा। इसके बाद पारंपरिक गजामूंग महाप्रसाद अर्पित कर वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और मंगल वाद्ययंत्रों की ध्वनि के बीच भगवान को रथों पर विराजमान कराया जाएगा।
Jagannath Rath Yatra 2026: पुरंदर मिश्रा ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा भक्तों और भगवान के प्रत्यक्ष मिलन का महापर्व है। वर्ष में एक बार भगवान मंदिर से बाहर निकलकर अपने भक्तों को दर्शन देते हैं, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और आस्था का वातावरण रहता है।
