रायपुर। अखिल भारतीय महिला ‘महा मंडल, कच्छ गुर्जर क्षत्रिय समाज द्वारा आयोजित “फन फेयर एवं मस्ती महोत्सव” में जबलपुर की प्रतिभाशाली वैष्णवी गुप्ता चौहान ने अपनी उत्कृष्ट कलात्मक प्रस्तुति से सभी का दिल जीतते हुए बलून डेकोरेशन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। देशभर से आए प्रतिभागियों के बीच वैष्णवी ने अपनी रचनात्मक सोच, कलात्मक अभिव्यक्ति और भावनात्मक संवेदनशीलता के बल पर विशेष पहचान बनाई तथा समाज एवं परिवार का नाम गौरवान्वित किया।
प्रतियोगिता में वैष्णवी ने बरगी बांध क्रूज हादसे में दिवंगत लोगों को अनूठे अंदाज में श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने बलून डेकोरेशन के माध्यम से एक ऐसी भावनात्मक एवं आकर्षक कलाकृति तैयार की, जिसने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। उनकी प्रस्तुति में कला के साथ मानवीय संवेदनाओं का अद्भुत समावेश देखने को मिला। निर्णायक मंडल ने उनकी कल्पनाशीलता, प्रस्तुति शैली और सामाजिक संदेश को विशेष रूप से सराहा।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने वैष्णवी की प्रतिभा की खुलकर प्रशंसा की। प्रतियोगिता में उनकी प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र बनी रही और दर्शकों ने भी उनकी कलाकृति को खूब सराहा। इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे समाज को गौरवान्वित किया है।
वैष्णवी “जश्ने बाजार इवेंट एंड डेकोरेशन” की संचालिका हैं और अपने रचनात्मक कार्यों के माध्यम से लगातार नई पहचान बना रही हैं। वे श्रीमती करुणा चौहान एवं श्री महेश कुमार चौहान की पुत्रवधू हैं। वहीं उनके माता-पिता श्री शिवशंकर गुप्ता एवं श्रीमती सुमन गुप्ता हैं, जिन्होंने सदैव उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
वैष्णवी की इस शानदार उपलब्धि पर परिवारजनों, समाजजनों, मित्रों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
