IPL के मौजूदा सीजन का फाइनल मुकाबला अहमदाबाद में खेला जाएगा। पहले BCCI की योजना थी कि फाइनल मैच बेंगलुरु में काराया जाए। वहीं, प्लेऑफ के तीन मैच दो अलग-अलग शहरों, न्यू चंडीगढ़ और धर्मशाला में होंगे। धर्मशाला में क्वालिफायर-1 खेला जाएगा। न्यू चंडीगढ़ में क्वालिफायर-2 और एलिमिनेटर मैच होंगे। BCCI ने बुधवार को प्लेऑफ और फाइनल का शेड्यूल जारी किया। इससे पहले सिर्फ 70 लीग मैचों का शेड्यूल जारी हुआ था।
विधायकों को फ्री टिकट का ऐलान फिर फाइनल का वेन्यू बदला
- BCCI ने बताया कि कर्नाटक क्रिकेट एसोसिएशन की कुछ मांगें ऐसी थीं जो बोर्ड प्रोटोकॉल और गाइडलाइंस के दायरे से बाहर थीं। इसी वजह से फाइनल का वेन्यू बदलना पड़ा।
- दरअसल कर्नाटक के कांग्रेस विधायक विजयानंद काशप्पनवर ने सुझाव दिया था कि हर विधायक-सांसद को 5-5 IPL टिकट मिलने चाहिए, क्योंकि जन प्रतिनिधि ‘VIP’ हैं और उन्हें टिकट के लिए लाइन में नहीं लगना चाहिए।
- इसके बाद कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने घोषणा की कि विधायकों और सांसदों को RCB के मैचों के लिए 3-3 टिकट दिए जाएंगे। BCCI और फ्रेंचाइजी इस पक्ष में नहीं थे, जिसके चलते फाइनल को बेंगलुरु से हटाने का फैसला लिया गया।
