रायगढ़। जिले के औद्योगिक क्षेत्र पूंजीपथरा स्थित मां शिवा प्लांट में बुधवार सुबह एक गंभीर औद्योगिक हादसा हो गया। प्लांट के इंडक्शन फर्नेस में अचानक तकनीकी गड़बड़ी आने से तेज उफान (बॉयलिंग) की स्थिति बन गई, जिसकी चपेट में आकर वहां कार्यरत पांच श्रमिक झुलस गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह हादसा सुबह करीब 7 बजे हुआ। घटना के बाद प्लांट परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे में घायल श्रमिकों की पहचान प्रमोद सोनी, चौखट सिंह, शनि सिंह, चतुर यादव और गुड्डु यादव के रूप में हुई है। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए रायगढ़ स्थित ओपी फोर्टिस हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सूत्रों के अनुसार गंभीर रूप से झुलसे चौखट सिंह और प्रमोद सोनी की हालत चिंताजनक होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है। वहीं अन्य तीन श्रमिकों का इलाज ओपी फोर्टिस हॉस्पिटल में जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पूंजीपथरा थाना पुलिस और संबंधित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल जिला प्रशासन और प्लांट प्रबंधन घायलों के समुचित उपचार तथा प्लांट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने में जुटे हुए हैं।
