श्रीनगर। श्रीनगर एयरपोर्ट पर शुक्रवार सुबह पार्किंग के दौरान इंडिगो का विमान 6E 225 (VT-NOG) एक खंभे से टकरा गया। विमान सुबह नवी मुंबई से श्रीनगर पहुंचा था। घटना करीब सुबह 9 बजे बे नंबर-6 पर विमान को पार्क करते समय हुई।
जानकारी के मुताबिक, विमान में उस समय करीब 200 यात्री और क्रू मेंबर सवार थे। हादसे के बाद सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित विमान से उतार लिया गया। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना के बाद यात्रियों को विमान से उतारने के लिए मैनुअल एयरक्राफ्ट सीढ़ियों का इस्तेमाल किया गया। विमान जिस खंभे से टकराया, वह विजुअल डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम (VDGS) का हिस्सा बताया जा रहा है। यह सिस्टम विमान को पार्किंग बे में सही स्थिति में लाने और सुरक्षित तरीके से पार्क कराने में मदद करता है।
हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल श्रीनगर एयरपोर्ट का संचालन सामान्य बताया जा रहा है और सभी उड़ानें निर्धारित समय के अनुसार संचालित हो रही हैं।
