मुंगेली। ग्राम कंतेली स्थित गुरुकुल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के समीप संचालित देशी एवं अंग्रेजी शराब दुकान को लेकर ट्रू सोल्जर द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित समाचार का असर सामने आया है। खबर प्रकाशित होने के बाद प्रदेश के आबकारी मंत्री एवं मुंगेली जिले के प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने मामले को संज्ञान में लेते हुए अधिकारियों को स्थल निरीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
ट्रू सोल्जर ने अपने समाचार में विद्यालय के समीप संचालित शराब दुकान से विद्यार्थियों, पालकों एवं स्थानीय नागरिकों की चिंताओं को प्रमुखता से उठाया था। खबर में बताया गया था कि नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के छात्र-छात्राओं वाले गुरुकुल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से महज 100 से 200 मीटर की दूरी पर संचालित शराब दुकानों के कारण विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हो रहा है। साथ ही छात्राओं एवं महिला शिक्षिकाओं की सुरक्षा और असहज माहौल का मुद्दा भी प्रमुखता से सामने रखा गया था।
समाचार के प्रकाशन के बाद जिला प्रशासन ने भी मामले पर गंभीरता दिखाई है। जिला कलेक्टर कुन्दन कुमार (आईएएस) ने कहा कि मामले में नियमावली का परीक्षण कर स्थल निरीक्षण कराया जाएगा तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं जिला आबकारी अधिकारी रविशंकर साय ने बताया कि वर्तमान में दुकान नियमानुसार संचालित है। उन्होंने कहा कि यदि राज्य शासन से कोई निर्देश प्राप्त होते हैं तो उसके अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इधर, ट्रू सोल्जर से चर्चा करते हुए आबकारी मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आ गया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्थल निरीक्षण कराने के निर्देश दिए हैं तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
